बल्लो धाम गेट के सामने दर्दनाक हादसा: डीसीएम से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज/ घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्लो धाम गेट के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीसीएम पर सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिवार में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीसीएम संख्या UP53CT7602 भूसा लादने के लिए मजदूरों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान वाहन के ऊपर केबिन में बैठा मजदूर राजेश यादव पुत्र मोहित यादव अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, डीसीएम का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा बल्लो धाम गेट के ठीक सामने हुआ, जहां देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही घुघली थाने के एसआई संजय कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मर्चरी हाउस महराजगंज भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को कब्जे में लेकर घुघली थाने में खड़ा करा दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से प्रार्थना पत्र मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की माता सहित पूरा परिवार घटनास्थल पर पहुंच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव और आसपास के लोगों ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

