पहली ही बारिश में सिसवा मुंशी चौराहा बना तालाब, सड़क बनी मुसीबत का कारण
स्थानीय संवाददाता…… कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज, परतावल ब्लॉक के सिसवा मुंशी चौराहे की सड़क की हालत पहली ही बारिश में पूरी तरह बदहाल हो गई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी भर जा रहा है, जिससे पूरा चौराहा तालाब में तब्दील हो गया है।
बारिश के बाद हुए जलजमाव ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर जमा पानी के कारण साइकिल और दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, सड़क पर भरे पानी का सीधा असर उनके व्यापार पर पड़ रहा है। ग्राहकों का आना-जाना कम हो गया है, वहीं तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण पानी के छींटे दुकानों तक पहुंच रहे हैं, जिससे सामान और दुकान दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
दुकानदार मनोज प्रजापति, अरशद खान, अख्तर खान, प्रमोद गुप्ता और डॉ. गिरिजा शंकर सिंह ने बताया कि यह समस्या हर साल बारिश के साथ शुरू हो जाती है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।
यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

