*टीएमसी कार्यालय के बाहर थे जहांगीर खान और सैकड़ों कार्यकर्ता,तभी वहां से निकला आईपीएस अजय पाल शर्मा का काफिला ,लगे ये नारे,मचा बवाल*
नई दिल्ली।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले फलता विधानसभा क्षेत्र में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है।उत्तर प्रदेश के चर्चित आईपीएस चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच चल रही जुबानी जंग अब सड़क पर उतर आई है।मंगलवार को फलता में उस समय भारी हंगामा हो गया जब अजय पाल शर्मा का काफिला टीएमसी कार्यालय के सामने से गुजरा।
*काफिला देखते ही लगे मुर्दाबाद के नारे,खूब मचा बवाल*
घटना फलता में तृणमूल कांग्रेस पार्टी के कार्यालय के ठीक सामने घटी।यहां सीआरपीएफ की गाड़ियों के साथ पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा का काफिला निकल रहा था,तभी वहां मौजूद टीएमसी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।टीएमसी कार्यकर्ताओं ने काफिले को देखकर जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगा दिए,इससे मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।बता दें कि जब ये बवाल मच रहा था तब मौके पर टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान भी मौजूद थे।
*जानें इस टकराव की शुरुआत कब हुई*
इस पूरे टकराव की शुरुआत तब हुई जब आईपीएस अजय पाल शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ था।वीडियो में वह जहांगीर खान के घर के बाहर खड़े होकर उनके परिजनों को सख्त चेतावनी देते दिखे थे।अजय पाल शर्मा ने कड़क लहजे में कहा था,अगर जनता को परेशान करने या धमकाने की खबरें आईं,तो कायदे से खबर लेंगे,फिर बाद में रोना-पछताना काम नहीं आएगा,इसके अलावा अजय पाल ने जहांगीर की सुरक्षा में नियमों के विरुद्ध तैनात 4 अतिरिक्त जवानों को लेकर स्थानीय एसपी को नोटिस भी थमाया था, जिससे टीएमसी खेमा बुरी तरह चिढ़ा हुआ है।
*जहांगीर खान का पलटवार,पिक्चर अभी बाकी है*
अजय पाल शर्मा की इस सिंघम स्टाइल चेतावनी पर जहांगीर खान ने भी आक्रामक रुख अपनाया।एक जनसभा में जहांगीर ने अजय पाल शर्मा और केंद्रीय बलों को बीजेपी का दलाल तक कह डाला।जहांगीर ने फिल्मी अंदाज में कहा,खेला उन्होंने शुरू किया है,लेकिन खत्म हम करेंगे,पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त।जहांगीर ने चेतावनी दी कि अगर क्षेत्र का जनसमुद्र पैदल चल दे तो विपक्षी हवा में उड़ जाएंगे।जहांगीर ने यहां तक कहा कि क्षेत्र की महिलाएं असुरों का वध करना और सीआरपीएफ को टाइट करना अच्छी तरह जानती हैं।
*कौन हैं आईपीएस अजय पाल शर्मा*
बता दें कि यूपी कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अजय पाल शर्मा की गिनती देश के सबसे तेज-तर्रार अफसरों में होती है। मूल रूप से डेंटिस्ट रहे अजय पाल ने नोएडा,शामली और रामपुर जैसे जिलों में 100 से अधिक एनकाउंटर किए हैं।अजय पाल की इसी सिंघम छवि से चुनाव आयोग ने उन्हें बंगाल के सबसे संवेदनशील इलाकों में से एक दक्षिण 24 परगना में निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।

