*होमगार्ड भर्ती परीक्षा का डीएम-एसपी ने किया सघन निरीक्षण, निष्पक्षता पर रहा विशेष जोर*
स्थानीय संवाददाता…….
सुल्तानपुर। जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी तरह शुचितापूर्ण, नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों की सक्रियता और सतर्कता ने व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल व सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी का जायजा लिया और उन्हें पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। प्रथम पाली की परीक्षा के समय अधिकारियों ने केंद्रों के भीतर और बाहर की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग प्रक्रिया को भी परखा।
केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए कि शासन की गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम की कार्यशैली की सराहना की जा रही है, जिनके नेतृत्व में परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराई जा रही है। उनकी सक्रिय निगरानी से अभ्यर्थियों में विश्वास बढ़ा है और जनपद में एक सकारात्मक संदेश गया है कि प्रशासन निष्पक्ष व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

