हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” के साथ गूंजा पृथ्वी बचाओ संदेश, बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज, 22 अप्रैल 2026। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जड़ार, क्षेत्र पनियरा में विश्व पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण, सफाई अभियान और पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टरों में पृथ्वी को बचाने, प्रदूषण रोकने और हरित जीवनशैली अपनाने के प्रेरणादायक संदेश देखने को मिले।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राहुल कुमार पटेल ने बताया कि पृथ्वी दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और वनों की कटाई को रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्लास्टिक मुक्त जीवन, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग और सामूहिक प्रयासों से ही धरती को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस अवसर पर बच्चों को शपथ दिलाई गई कि वे प्लास्टिक का उपयोग कम करेंगे, पानी और बिजली की बचत करेंगे, अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाएंगे और उनकी देखभाल करेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर चल रहे पर्यावरणीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में पोस्टर प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान दुनमुन प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक प्रमोद कुमार पटेल, शिक्षक आशुतोष पटेल, संदीप शर्मा, बबीता साहनी सहित विद्यालय स्टाफ और रसोइयां भी उपस्थित रहीं।
इस आयोजन के जरिए बच्चों ने न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि यह भी साबित किया कि आने वाली पीढ़ी अपने ग्रह को बचाने के लिए पूरी तरह जागरूक और प्रतिबद्ध है।

