देवरिया में सीओ सिटी के रूप में किया था उल्लेखनीय कार्य
वर्तमान में शाहजहांपुर में तैनात, चित्रकूट सहित कई जिलों में दे चुकी हैं सेवाएं
देवरिया/शाहजहांपुर। पुलिस विभाग की कर्तव्यनिष्ठ एवं तेजतर्रार अधिकारी निष्ठा उपाध्याय को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं एवं कार्यकुशलता के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर प्रोन्नत किया गया है।
उनकी इस उपलब्धि से उनके सहयोगियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों में प्रसन्नता की लहर है।
श्रीमती निष्ठा उपाध्याय पूर्व में जनपद देवरिया में क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) के पद पर कार्यरत रही हैं।
इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था के प्रभावी संचालन, अपराध नियंत्रण तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने कार्यकाल में उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, दृढ़ नेतृत्व क्षमता तथा कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए पुलिस विभाग में एक सक्षम अधिकारी के रूप में अपनी पहचान स्थापित की।
करोना काल में उन्होंने जनपद देवरिया में उल्लेखनीय कार्य किया,जिसके लिए पुलिस विभाग ने उन्हें सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया।
देवरिया में सेवाएं देने के पश्चात उन्होंने चित्रकूट सहित अन्य जनपदों में भी विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
वर्तमान में श्रीमती निष्ठा उपाध्याय जनपद शाहजहांपुर में कार्यरत हैं और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर रही हैं।
निष्ठा उपाध्याय के पारिवारिक परिवेश में भी लोकसेवा की परंपरा रही है।
गोरखपुर निवासी उनके पति डॉ. सूर्य कांत धर दूबे न्यायिक सेवा में कार्यरत हैं।
वे पूर्व में जनपद देवरिया व चित्रकूट में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत रहे हैं तथा वर्तमान में जनपद बरेली में न्यायिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
निष्ठा उपाध्याय की इस प्रोन्नति को उनके परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यप्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
उनके परिवारजनों ,शुभचिंतकों एवं सहकर्मियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

