बस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 968 ग्राम अवैध गांजा, नकदी व मोटरसाइकिल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बस्ती…….
स्थानीय संवाददाता……
जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना सोनहा पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 968 ग्राम अवैध गांजा, विक्रय से प्राप्त नगद धनराशि, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह अपनी टीम के साथ शनिवार को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे।
इसी दौरान ग्राम अहिरौला स्थित रामलौट चौधरी के सागौन के बाग के पास से अभियुक्त अशोक कुमार शर्मा पुत्र टिकोरी शर्मा निवासी ग्राम धौरहरा, थाना शिवनगर डिडई, जनपद सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार किया गया।
उसके पास से 28 पुड़िया अवैध गांजा (कुल 100 ग्राम) बरामद हुआ। इस संबंध में थाना सोनहा में मु0अ0सं0 46/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को ग्राम कड़सरा स्थित आम-महुआ के बाग में छापेमारी कर दूसरे अभियुक्त मो. टुन्ना पुत्र मो. शाहीद निवासी लोहिया नगर, थाना पुरानी बस्ती को गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से 162 पुड़िया अवैध गांजा (कुल 868 ग्राम) बरामद किया गया। दोनों अभियुक्तों के पास से गांजा बिक्री से संबंधित नगद राशि, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह, चौकी प्रभारी असनहरा उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र दूबे, हेड कांस्टेबल फयानाथ भास्कर, हेड कांस्टेबल दिनेश चन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल आनन्द प्रताप चौरसिया तथा कांस्टेबल कृष्ण मोहन यादव शामिल रहे।

