मोदी सरकार ने घटाया पेट्रोल और डीजल का दाम
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परेशान आम लोगों को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने दिवाली गिफ्ट दिया है। दिवाली की पूर्व संध्या में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटाैती की गई है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर पांच और डीजल पर दस रुपये एक्साइज ड्यूटी ( उत्पाद शुल्क) में कटाैती की है। गुरुवार सुबह यानी दिवाली के दिन से ही पेट्रोल और डीजल की घटी हुई कीमतें लागू हो जाएंगी। इस फैसले का धनबाद के भाजपा नेताओं ने दिल खोलकर स्वागत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।
धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने बताया साहसिक निर्णय
धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी को कम कर पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में क्रमशः 5 रुपये और 10 रुपये की कटौती कर आम जनता को दी बड़ी राहत है। जनहित में लिए गए इस निर्णय से आम जनता की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होगा। इस साहसिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक धन्यवाद।
मोदी ने दिया दिवाली का तोहफा
धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने स्वागत करते हुए कहा कि देशवासियों को प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली का शानदार तोहफा दिया है। डीजल के मूल्य में 10 रुपये और पेट्रोल के मूल्य में पांच रुपये की कमी होगी। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर साबित किया है कि वे जनभावनाओं के साथ चलने वाले नेता राजनेता हैं। जन-जन के कल्याण के प्रति समर्पित आदरणीय प्रधानमंत्री का कोटि-कोटि अभिनंदन।

