अगया नहर में मिला अज्ञात शव, इलाके में सनसनी — पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज (अमूल्यरत्न न्यूज राष्ट्रीय हिंदी दैनिक) भिटौली थाना अंतर्गत अगया नहर के मवन बहाव नाले में मंगलवार को दोपहर बाद एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।जैसे ही ग्रामीणों की नजर नाले में उतराते शव पर पड़ी, आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
घटना की सूचना गांव के चौकीदार भभूती ने तत्काल भिटौली थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा एवं चौकी प्रभारी अवधेश सिंह अपने मय हमराहियों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे अपने कब्जे में ले लिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया है।
खबर लिखे जाने तक मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों को सूचना देकर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की स्पष्ट चोट के निशान की पुष्टि नहीं हो पाई है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

