अमांपुर बाजार में धनतेरस पर हुई धन की बारिश।
मंगलवार को मनाई गई धनतेरस, बाजार में खरीददारी को उमड़ी भीड़।
अमांपुर । कस्बा में मंगलवार को मनाई गई धनतेरस। धनतेरस पर बाजार में दिन भर रौनक रही। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। फूलमाला, मूर्ति, बर्तन और सोने चांदी के सामानों की खूब बिक्री हुई। पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व पर धनतेरस के दिन मंगलवार को बाजार में खूब धन वर्षा हुई। दीपावली में खरीदारी के लिए लोग सुबह से देर शाम तक बाजारों में ही जमे रहे। बाजार सजे-धजे नजर आए। खासकर महिलाओं ने बर्तनों की खूब खरीदारी की। धनतेरस पर चांदी और सोने के सिक्कों की भी खासी मांग रही। बर्तन, सर्राफा, मूर्तियों आदि की दुकानें खचाखच भरी रहीं। अपने सामर्थ्य के अनुसार हर लोगों ने किसी न किसी वस्तु की खरीदारी की। त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी।
धनतेरस के दिन सुबह से ही खरीदारी शुरू हो गई। बारहद्रारी, कालेज रोड, सहावर रोड, ददवारा, गुड़मण्डी, सराफा बाजार, एटा रोड तिराहा, सिढपुरा रोड बाजारों में काफी चहल-पहल और भीड़भाड रही। मंगलवार को धनतेरस को देखते हुए बाजारों में काफी चहल पहल रही। कस्बे में हर छोटी-बड़ी बर्तन, मूर्ति व आभूषणों की दुकानों पर भीड़ देखकर कारोबारी काफी व्यस्त दिखे। लोगों ने धनतेरस पर जमकर खरीदारी की। बाजार में सबसे अधिक बिक्री बर्तनों की रही। वहीं दूसरे नंबर पर सर्राफा व्यवसाय दिखा। बर्तनों में जहां अधिकांश लोगों ने अपने-अपने जरूरत के हिसाब से कूकर, टिफीन, बाल्टी, गिलास, लोटा, चम्मच, डीनर सेट, टी सेट, भगौना, ड्रम खरीदा। छोटे बर्तनों में सर्वाधिक बिक्री पीतल के पूजा सामग्रियों की रही। लोगों ने दीपदान, लोटिया, घंटी, चम्मच, आदि की खरीदारी की। बर्तन व्यवसायी केशवदेव गुप्ता, सुशील गुप्ता नरायन साहू ने बताया कि धनतेरस पर बाजार ठीक रहा। सर्राफा व्यवसायी आकाश गुप्ता सर्राफ ने बताया कि धनतेरस पर चांदी के सिक्के, लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां, गिन्नी, नेकलेस, झुमका की बिक्री सर्वाधिक रही। वही दिपावली पर्व के लिए बाजार से खील, बताशे, खिलौना, झाडू, मूर्तिया, पूजा का सामान, मोमबत्ती, कपड़ा, पटाखे, झालर, कलेंडर आदि की जमकर खरीददारी की। बाजारों में भीड़ उमड़ने से जाम के हालात बने रहे।

