कुशीनगर जनपद में अवैध खनन और हफ्ता वसूली से संबंधित एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।
स्थानीय संवाददाता…..
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस विभाग की छवि को बनाए रखने और कानून व्यवस्था के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई लगभग 1 मिनट 15 सेकंड की इस ऑडियो क्लिप में दावा किया गया है कि यह बातचीत कुशीनगर जनपद के तरयासुजान थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी बहादुरपुर पर तैनात उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय की है। इस ऑडियो में कथित तौर पर अवैध बालू और मिट्टी खनन कराने, साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने के बदले नियमित हफ्ता वसूली की बात कही जा रही है। ऑडियो में यह भी धमकी दी गई है कि यदि पैसे नहीं मिलेंगे तो ट्रैक्टर-ट्रॉली को चलने नहीं दिया जाएगा।
ऑडियो के वायरल होते ही यह मामला तेजी से फैला और पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय को निलंबित करने का आदेश जारी किया। एसपी के निर्देश पर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#kushinagar #UttarPradesh #UPPolice #IllegalMining #up

