चंडीगढ़ के सेक्टर 28 में रात 12:00 बजे एक युवती इनड्राइव एप से कैब बुक करती है, तारीख होती है 27 जनवरी।
कैब बुक होते ही कार की डिटेल्स, ड्राइवर का फोन नंबर और उसकी फोटो डिस्प्ले पर आ जाती है।
कैब ड्राइवर मैसेज करके युवती से लोकेशन पूछता है, युवती बताती है। इसके बाद कैब ड्राइवर बड़े ही आपत्तिजनक और आश्चर्यचकित करने वाले मैसेज भेजना शुरू करता है।
उसमें वह युवती से कहता है कि, अगर तुम शारीरिक संबंध बनाती हो तो फ्री राइड दूंगा और जितना बोलोगे उतना पेमेंट भी करूंगा।
युवती ने जब उसके मैसेज का विरोध किया तो कैब ड्राइवर ने पहले माफी मांगी, लेकिन इसके बाद धमकाने भी लगा। कहने लगा कि मैं अभी मिलने आ सकता हूं। कहां बुलाना है अगर थाने बुलाओगे तो वहां पर भी आ सकता हूं।
काफी रात होने की वजह से युवती डर चुकी थी। लेकिन अगले दिन 28 जनवरी को युवती सेक्टर 26 के थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाती है। चैट के सभी स्क्रीनशॉट्स दिखाती है, लेकिन पुलिस वाले शिकायत लिखाने के बजाय कैब ड्राइवर को थाने बुलाते हैं।
कैब ड्राइवर वहां पर युवती के सामने माफी मांगता है और इस चीज का आश्वासन देता है कि, भविष्य में वह ऐसी गलती कभी नहीं करेगा। वह कहता है कि गलती से मैंने मैसेज कर दिया था। पुलिस समझौता करवा कर दोनों को थाने से भेज देती है।
यह मामला एक नजर में जितना हल्का और खत्म होने वाला लगा, लेकिन असल में यह बहुत गंभीर मामला है। क्योंकि कोई भी कामकाजी लड़की, महिला जब रात के अंधेरे में अपने घर को निकलती है या ऑफिस के लिए निकलती है तो उसे इन्ही कैब का भरोसा होता है, कि यह इन्हें सुरक्षित पहुंचाएंगे। इनकी लोकेशन भी हमेशा ट्रैक होती रहती है।
इसके बावजूद भी इस कैब ड्राइवर का ऐसा मामला सामने आया जिसने अनेक युवतियों को अंदर से डरा दिया।
स्थानीय संवाददाता

